अगर आपकी उम्र 45 वर्ष हो गई है और आपको कोई बीमारी भी नहीं है तो आपके टीके का नंबर आ गया है। आप एक अप्रैल के बाद वैक्सीनेशन सेंटर पर पहुंचकर टीकाकरण करा सकते हैं। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर बिहार सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों की हुई बैठक में इसे लेकर निर्देश भी दिया गया है। अब तक 45 साल से ऊपर ऐसे लोगों को टीका लगवाने की इजाजत दी गई थी, जो किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित हों। अब नए आदेश में केवल उम्र निर्धारित की गई है, बीमारी को इस उम्र वालों के दायरे से हटा दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की बैठक में लिया गया निर्णय
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत के साथ विभाग के अन्य अफसरों के साथ मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग की गई है। इसमें प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों के साथ जिला स्तर के स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों के साथ प्रशासनिक अफसरों को शामिल किया गया था। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि अब एक अप्रैल से टीकाकरण में ऐसे लोगों को शामिल किया जा रहा है जिनकी उम्र 45 साल हो गई हो। ऐसे लोगों को बीमारी नहीं भी होगी तो भी उन्हें टीका लगाया जाएगा। इसके लिए सेंटरों पर तैयारी करने का भी निर्देश दिया गया है।
अब 18 साल से ऊपर वालों का इंतजार होगा खत्म
45 साल वाले सामान्य लोगों के टीकाकरण का इंतजार अब खत्म हो गया है। इसके बाद अब 18 साल से ऊपर के सामान्य लोगों का इंतजार भी कम हो जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 45 साल के सामान्य लोगों का टीकाकरण शुरू हो जाने से 18 साल से ऊपर वालाें को टीका लगवाने का रास्ता साफ हो जाएगा। इससे ऐसे लोगों को टीका के लिए अब लंबे समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
27 लाख को लग चुका है टीका
बिहार में अब तक दोनों खुराक लेने वालों की संख्या 2702363 है। इन लोगों को कोरोना के टीका की फुल डोज लग चुकी है। इसमें पहली डोज लगवाने वालों की संख्या 2272691 है। इसमें 45 से 59 वर्ष के लोगों के पहली खुराक लेने वालों की संख्या 211401 है, वहीं 60 वर्ष से ऊपर वालों की संख्या 1358678 है। दूसरा खुराक लेने वाले लाभार्थियों की कुल संख्या 429672 है। इसमें 45 से 59 वर्ष के लोगों की संख्या मात्र 25 है जिन्हें दूसरी डोज दी गई है। वहीं 60 वर्ष से उपर वाले 198 लोगों को कोरोना का दूसरा टीका लगाया गया है। वैक्सीनेशन की संख्या बढ़ाने को लेकर ही अब नियम में बदलाव किया गया है।











Be First to Comment