Press "Enter" to skip to content

बिहार बंद LIVE: पटना का डाकबंगला चौराहा जाम, दरभंगा में वाम दलों ने ट्रेन रोकी; भागलपुर में विरोध मार्च

आज भारत बंद है। बिहार में सुबह से ही इसका असर देखने को मिल रहा है। पटना, वैशाली, मुजफ्फपुर, दरभंगा, भागलपुर और बांका, आरा, बेगूसराय, जहानाबाद, नवादा समेत कई जिलों में विपक्षी दल इस बंद को सफल बनाने में ताकत झोंक रहे हैं। सुबह 10:30 RJD, वामदल और जन अधिकार पार्टी (लो) के सैकड़ों कार्यकर्ता डाकबंगला चौराहा पर पहुंचे और सरकार के विरोध में नारेबाजी करने लगे। बंद समर्थक चौराहे पर बैठ गए और रोड जाम कर दिया। कार्यकर्ताओं को चौराहे से हटाने के लिए दर्जनों पुलिस पहुंच गई। इस दौरान एक जाप कार्यकर्ता बेहोश हो गया। पुलिस बंद समर्थकों को समझाने की कोशिश कर रही है। पटना सिटी में बंद समर्थकों ने पुरानी NH पर आगजनी की, इस वजह से सड़क पर आवागमन बाधित हो गया।

आवागमन को लोगों ने किया ठप

बेगूसराय में NH-31 और NH-28 को बंद समर्थकों ने सुबह से ही कई जगह पर जाम कर यातायात ठप कर दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवागमन को ठप किया गया। NH-31 पर साहेबपुर कमाल से सिमरिया पुल तक और NH-28 पर जीरोमाइल से रसीदपुर तक कई जगह बांस-बल्ला लगाकर और टायर जलाकर सड़क को पूरी तरह से बाधित कर दिया गया। वहीं, पूर्णिया में राजद के बिहार बंद का असर शहर में ज्यादा दिख रहा है। शुक्रवार की सुबह 8 बजे से ही राजद के साथ-साथ कांग्रेस, जाप और वाम दलों के नेता सड़क पर उतर कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शहर के आरएन साव चौक, गिरिजा चौक, लाइन बाजार गुलाबबाग जीरो माइल के पास सड़क जाम कर यातायात को रोक दिया गया।

ट्रैक्टर लगाकर किया बाइपास जाम

विधायकों के साथ बदसलूकी को लेकर पटना के बाइपास जगनपुरा मोड़ पर बंद का असर देखा गया l जगनपुरा मोड़ के पास RJD समर्थकों ने सड़क के दोनों तरफ ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को लगाकर मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया l बंद कर रहे समर्थक नीतीश सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे l बंद के कारण बस स्टैंड , न्यू बाईपा, अनीसाबाद मोड़ सहित कई जगहों पर यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दरभंगा और वैशाली में भी हाइवे जाम

सुबह 8 बजे दरभंगा के लहेरियासराय में जानकी एक्सप्रेस को भाकपा (माले) के बैनर तले रोका गया। दरभंगा में हाइवे जाम कर दिया गया है। वैशाली में राजद कार्यकर्ता आज सुबह से ही सड़क पर उतर गए। हाइवे को जाम कर दिया और टायर जलाकर आगजनी करने लगे। महुआ विधायक डॉ. मुकेश रौशन के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता बिहार बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरे हैं। कार्यकर्ता नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।

बांका में दुकानों को बंद करवाया

बांका में RJD कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर में भ्रमण कर दुकानों को बंद कराया। इसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ता गांधी चौक पर धरना प्रदर्शन करने लगे। RJD के पूर्व बेलहर विधायक रामदेव यादव ने बताया कि बिहार सरकार पूरी तरह निकम्मी है, यह सरकार बदलनी है। विधानसभा के भीतर जो अमानवीय घटना विधायकों के साथ की गई है, जिसकी निंदा जितनी की जाए वह कम है।

भागलपुर में निकाला विरोध मार्च

भागलपुर में RJD और वामदल कार्यकर्ताओं ने सुबह 10 बजे स्टेशन चौक से विरोध मार्च निकाला। यह मार्च वेरायटी चौक होते हुए वापस स्टेशन चौक पर आ गया। बंद समर्थक सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। किसी प्रकार का कोई उपद्रव न हो इसके लिए CCTV के जरिए निगरानी की जा रही है।

घर से सोच-समझ कर निकलें

4 दिन पहले पुलिस बिल और बेरोजगारी, महंगाई के खिलाफ राजद के विधानसभा मार्च के दौरान पटना के डाकबंगला चौराहे पर बवाल को ध्यान में रखते हुए आज घर से सोच-समझ कर निकलें। यातायात के साधनों पर भी इसका बड़ा असर पड़ेगा। भारत बंद को लेकर प्रशासन के स्तर पर भी पूरी सख्ती बरती जाएगी। शहर में जाम की स्थिति भी बन सकती है, इसलिए परेशानी से बचने के लिए पहले से ही सतर्क रहने की जरूरत है।

GPO गोलंबर से दोपहर 12 बजे निकलेगा मार्च

किसान महासभा की ओर से शुक्रवार को नए कृषि कानून के खिलाफ सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक भारत बंद का आह्वान किया गया है। पटना में GPO गोलंबर से दोपहर 12 बजे से मार्च भी निकाला जाएगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि किसानों का मुद्दा तो बंद में रहेगा ही इसके साथ ही बेरोजगारी और विधानसभा में विधायकों के साथ हुई मारपीट के विरुद्ध भी यह बंद होगा।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *