पटना के कोतवाली थाना पुलिस ने खगड़िया रेलवे स्टेशन से दो नाबालिग छात्राओं को बरामद किया है. दोनों छात्राएं पटना के कमला नेहरू नगर इलाके की रहने वाली हैं और एक ही स्कूल में पढ़ती हैं. इनमें एक छात्रा दसवीं और दूसरी बारहवीं कक्षा में पढ़ती है.
पुलिस के अनुसार, दोनों छात्राएं 7 अगस्त को अपने घर से निकल गई थीं. परिजनों की ओर से जानकारी मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान दोनों के खगड़िया में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें रेलवे स्टेशन से बरामद कर पटना लाया.बताया जा रहा है कि दोनों छात्राएं एक-दूसरे से शादी करना चाहती थीं. इनमें एक हिंदू और दूसरी मुस्लिम समुदाय से है. दोनों ने खगड़िया के एक मंदिर में शादी भी की थी.
पुलिस दोनों छात्राओं को पटना लाने के बाद उनका बयान दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों घर से निकलने के बाद किन परिस्थितियों में खगड़िया पहुंचीं और वहां उन्होंने किस तरह शादी की.
पुलिस के अनुसार, दोनों छात्राएं फिलहाल अपने परिवार के साथ जाने के लिए तैयार नहीं हैं. दोनों के बयान और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.दोनों छात्राओं के नाबालिग होने के कारण पुलिस मामले में सभी कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है.











Be First to Comment