बिहार में मानसून एक बार फिर कुछ इलाकों में सक्रिय होता नजर आ रहा है। रविवार, 9 अगस्त को राज्य के दो जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि 18 जिलों में आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कुछ हिस्सों में बारिश राहत दे सकती है, लेकिन राज्य के कई इलाकों में मानसून अब भी कमजोर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार कैमूर के भभुआ और किशनगंज में रविवार को एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा कोसी, सीमांचल, दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम के करवट लेने की संभावना है। इन इलाकों में गरज के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है।
रविवार को मौसम विभाग ने बिहार के 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार शामिल हैं। इन जिलों में कुछ जगहों पर अचानक मौसम खराब हो सकता है। तेज हवा के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर खुले मैदान, खेत या पेड़ के नीचे रहने से बचना जरूरी है।
राजधानी पटना में रविवार को मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है। आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं। हालांकि यहां भारी बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक पटना में दिन का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस, जबकि रात का तापमान करीब 28 डिग्री रह सकता है।पटना के अलावा चंपारण, मिथिलांचल और मगध क्षेत्र में मानसून की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है। इन इलाकों में कहीं-कहीं हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है।







Be First to Comment