Press "Enter" to skip to content

वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक सरोकारों के प्रखर हस्ताक्षर रहे स्वर्गीय कमल आनंद की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

पूर्णिया। वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक सरोकारों के प्रखर हस्ताक्षर रहे स्वर्गीय कमल आनंद की पुण्यतिथि पर गुरुवार को पूर्णिया प्रेस क्लब की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कमल आनंद ने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल की समस्याओं और जनसरोकारों को हमेशा प्रमुखता से उठाया। उनकी निर्भीक, निष्पक्ष और बेबाक लेखनी ने उन्हें पत्रकारिता जगत में विशिष्ट पहचान दिलाई। वे केवल एक वरिष्ठ पत्रकार ही नहीं, बल्कि युवा पत्रकारों के मार्गदर्शक और सीमांचल के पत्रकार परिवार के अभिभावक भी थे।

वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने पत्रकारिता को सदैव जनसेवा का माध्यम माना। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज़ को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी खबरों और लेखों में निष्पक्षता, जनसरोकार और सामाजिक उत्तरदायित्व की स्पष्ट झलक दिखाई देती थी।

पत्रकारिता के साथ-साथ उन्होंने सहकारिता क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। वे लगातार 20 वर्षों तक को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन रहे तथा सात वर्षों तक भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष के रूप में सफलतापूर्वक दायित्व निभाया। सक्रिय पत्रकारिता के दौरान उन्होंने बिहार राज्य संवाददाता संघ के महासचिव के रूप में भी पत्रकारों के अधिकारों और हितों की मजबूती से आवाज़ उठाई।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि कमल आनंद का व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके सिद्धांत, मूल्यों और निष्पक्ष पत्रकारिता की परंपरा सदैव पत्रकार समाज का मार्गदर्शन करती रहेगी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। मौके पर मोहित पंडित, धर्मेन्द्र लाठ, फुरकान अंसारी, आशीष, अमित सिंह, कृष्ण रंजन, गौतम वर्मा, दिलीप दीपक,पवन, आदि उपस्थित थे।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *