बिहार के सुपौल में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया है। इस संबंध में आदेश जारी कर कई थानाध्यक्षों एवं पुलिस निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। 
आदेश के अनुसार, एससी-एसटी थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश चौधरी को स्थानांतरित कर भपटियाही थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पुनि राकेश कुमार को पुलिस कार्यालय सुपौल से पिपरा थानाध्यक्ष, पुनि संजय दास को पुलिस कार्यालय सुपौल से वीरपुर थानाध्यक्ष तथा पुनि अनिरुद्ध कुमार को पुलिस केंद्र सुपौल से भीमपुर थानाध्यक्ष के पद पर पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा,वर्तमान भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दूबे, पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा, वीरपुर थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल तथा भीमपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पांडेय को पुलिस केंद्र सुपौल स्थानांतरित किया गया है।

इधर,त्रिवेणीगंज थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक सह एएलटीएफ प्रभारी सोनू कुमार को एससी-एसटी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसपी द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि उक्त स्थानांतरण एवं पदस्थापन के लिए कोशी क्षेत्र सहरसा के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष से दूरभाष पर पूर्वानुमोदन प्राप्त किया गया है।

एसपी ने सभी नवपदस्थापित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे योगदान देने से पूर्व अपनी पात्रता (आहर्ता) संबंधी प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराएं। यह प्रक्रिया बिहार सरकार के गृह विभाग (विशेष शाखा) द्वारा जारी संकल्पों के अनुरूप होगी।
एसपी शरथ आर एस ने सभी स्थानांतरित एवं नवपदस्थापित अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। साथ ही पूर्व पदस्थापन स्थल से संबंधित संचिका, कांड, वारंट, आवेदन एवं परिवाद आदि का प्रभार एक सप्ताह के भीतर संबंधित प्रतिष्ठान प्रधान को सौंपने का आदेश दिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) एवं परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र सुपौल को इस आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।










Be First to Comment