पटना : बिहार के पटना जिले के बिहटा थानाक्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ है. बालू लदे ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया. जिससे उसकी मौत हो गई. साथ ही बिहटा की ओर से आ रहे दानापुर डीएसपी 2 के सरकारी वाहन को भी टक्कर मार दी. बिहटा रेलवे ओवरब्रिज पर यह भीषण सड़क हादसा देखने को मिला.

बेकाबू ट्रक ने DSP की गाड़ी में मारी टक्कर
हालांकि इस घटना में डीएसपी 2 अमरेंद्र कुमार झा बाल-बाल बच गए हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची. मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

भागने के चक्कर में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बालू लदा ट्रक सिकरिया गांव की तरफ से आ रहा था. घटनास्थल से तीन किलोमीटर पहले सिकरिया गांव में भी उसने एक कार को टक्कर मारी थी. उसके बाद ट्रक चालक तेजी से भगा रहा था.

कैसे हुआ हादसा?
बताया जाता है कि, आईआईटी थाना की पुलिस ट्रक का पीछा कर रही थी. इसी बीच बिहटा रेलवे ओवरब्रिज पर उसने बाइक सवार को कुचल दिया. ट्रक के अंदर बाइक सवार फंस गया जिससे उसकी मौत हो गई. यही नहीं चालक ट्रक को भगाने के क्रम में दानापुर डीएसपी 2 अमरेंद्र कुमार झा की गाड़ी को भी टक्कर मार दी.

जानकारी लेने जा रहे थे थाना
अमरेंद्र कुमार झा आईआईटी थाना हत्या के मामले के सिलसिले में जानकारी प्राप्त करने जा रहे थे. इसी दौरान ट्रक ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी. हालांकि गनीमत यह रही कि ना तो डीएसपी को कोई चोट आयी ना ही चालक घायल हुआ है. हालांकि इस घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया.








Be First to Comment