सीतामढ़ी : सीतमाढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के पथराही गांव में रविवार को तालाब से एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव बरामद किए गए हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मृतकों की पहचान नरहा गांव निवासी राकेश राय की पत्नी अंशु देवी (31), उसके चार वर्षीय पुत्र ऋषभ कुमार और एक वर्षीय पुत्र रॉकेट के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि तीनों की हत्या कर शव तालाब में फेंके गए हैं। हालांकि, थानाध्यक्ष अमृत कुमार पाल के अनुसार, प्रथमदृष्टया घटना देर रात की प्रतीत होती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

जानकारी के अनुसार, अंशु देवी 21 जनवरी की शाम को अपने दोनों बच्चों के साथ ससुराल से निकली थीं। इसके बाद वह घर नहीं लौटीं। ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके मायके (सहनियां पट्टी, सुरसंड) में भी खोजबीन की, लेकिन वहां कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर परिजनों ने 22 जनवरी को बाजपट्टी थाने में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई सक्रियता नहीं दिखाई और मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती, तो शायद परिणाम कुछ और होता। पुलिस की इसी शिथिलता को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। रविवार सुबह जब पथराही गांव की महिलाएं बगीचे के पास स्थित तालाब में कपड़े धोने और बर्तन साफ करने गईं तो उन्होंने पानी में शवों को उपलाते देखे। शोर मचने पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों और मल्लाहों की मदद से महिला और छोटे बेटे का शव बरामद किया। बाद में एसडीआरएफ की मदद से बड़े बेटे का शव भी तालाब से बरामद कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुपरी एएसपी सह एसडीपीओ सुनीता कुमारी और बाजपट्टी थानाध्यक्ष अमृत कुमार पाल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने तीनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।








Be First to Comment