Press "Enter" to skip to content

बिहार में परिवहन मंत्री का बड़ा फैसला, 7वीं पास युवक-युवतियां बनेंगे बस कंडक्टर

पटना: बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत और जनहितकारी बनाने की दिशा में नई पहल शुरू हो गई है. श्रवण कुमार ने राज्य के नए परिवहन मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला. पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की और कई महत्वपूर्ण नीतिगत फैसले लिए.

कंडक्टर पद के लिए 7वीं पास को मिलेगा मौका

 मंत्री के सबसे बड़े फैसलों में एक है सरकारी बसों में कंडक्टर पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता को कम करना. अब केवल सातवीं पास युवक-युवतियां भी बस कंडक्टर बन सकेंगे. इस कदम से ग्रामीण और कम पढ़े-लिखे युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के द्वार खुलेंगे. मंत्री ने इसे युवा सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम बताया.

Bihar News: उत्तर बिहार को मिली बड़ी सौगात, इन चार प्रमुख रूट्स पर BSRTC बस  सेवा की शुरुआत

परिवहन विभाग में सुधार के संकेत

पदभार ग्रहण के दौरान अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, राज्य परिवहन आयुक्त अभिषेक द्विवेदी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर मंत्री का स्वागत किया. बैठक में मंत्री ने स्पष्ट संकेत दिए कि आने वाले दिनों में परिवहन विभाग में व्यापक सुधार देखने को मिलेंगे.

बस अड्डों और परिवहन ढांचे को लेकर कई निर्देश

मंत्री ने परिवहन ढांचे को मजबूत करने के लिए कई ठोस निर्देश दिए. आधुनिक ड्राइविंग ट्रैक का निर्माण शीघ्र पूरा करने, बस अड्डों पर पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, सफाई और सुरक्षा को बेहतर करने पर जोर दिया गया. साथ ही बस स्टैंड व स्टॉपेज की जमीनों पर हुए अवैध कब्जे हटाने का सख्त आदेश जारी किया गया.

कल्याण योजना को तेजी से लागू करने का आदेश

 बैठक में चालक कल्याण योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि ड्राइवर परिवहन व्यवस्था की रीढ़ हैं. उन्होंने स्वास्थ्य बीमा, जीवन बीमा, यूनिफॉर्म और पेंशन जैसी सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

सड़कों पर आएंगी नई बसें

राज्य परिवहन निगम की जर्जर और पुरानी बसों को डंप करने के बजाय उनकी नीलामी प्रक्रिया को तेज करने का फैसला लिया गया. नीलामी से मिली राशि से नई बसें खरीदी जाएंगी. इससे निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और यात्रियों को बेहतर व आधुनिक बस सेवा मिल सकेगी.

सभी प्रमुख रूटों पर सरकारी बस सेवा का विस्तार: मंत्री ने घोषणा की कि सरकार सभी प्रमुख मार्गों पर सरकारी बसों का संचालन बढ़ाने जा रही है. इससे न केवल यात्रियों को सस्ता और सुरक्षित परिवहन मिलेगा, बल्कि निजी ऑपरेटरों की मनमानी पर भी अंकुश लगेगा. बैठक में अपर सचिव प्रवीण कुमार, निगम प्रशासक अतुल कुमार वर्मा, संयुक्त सचिव कृत्यानंद रंजन सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे. बिहार की सड़कों पर जल्द ही परिवर्तन दिखाई देने लगेगा.

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *