अजमेर: बिहार में नीतीश सरकार बनने के साथ ही एनडीए के इकलौते मुस्लिम एमएलए व मंत्री मोहम्मद जमा खान अजमेर शरीफ पहुंचे. उन्होंने अपनी जीत पर सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर अकीदत की चादर और फूल पेश किए. शुक्रवार रात में मोहम्मद जमा खान और उनके कार्यकर्ताओं ने ख्वाजा गरीब नवाज के आस्ताना पर शुक्र अदा किया. इन सभी को दरगाह में जियारत खादिम सैय्यद अनवर फरीदी ने कराई और दरबार की दस्तारबंदी कर तबर्रूक भेंट किया.

अकेले मुस्लिम विधायक
बिहार सरकार में 26 मंत्री बनाए गए हैं. जिसमें जेडीयू से इकलौते मुस्लिम एमएलए मोहम्मद जमा खान मंत्री बने हैं. वे चैनपुर से चुनाव जीते हैं. जमा खान नीतीश सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री रहे हैं. यही वजह है कि दोबारा जीत और मंत्री बनने पर अजमेर शरीफ शुकराना अदा करने पहुंचे. जमा खान ने बताया कि उनका परिवार ख्वाजा गरीब नवाज में आस्था रखता है.

ख्वाजा साहब के करम से उन्हें जीवन मे कामयाबी भी हासिल हुई है. उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश कुमार किसी जाति-मजहब में फर्क नहीं करते और सभी का सम्मान करते हैं. राज्य की तरक्की, मोहब्बत, भाईचारे के लिए उन्होंने हमेशा काम किया है. 10 बार के सीएम नीतीश कुमार की जीत के बाद राज्य में सरकार बेहतर कार्य करे, इसलिए शुक्रिया चादर पेश कर नीतीश की अच्छी सेहत की दुआ करने आए हैं.

4 मुस्लिम प्रत्याशियों में से सिर्फ जमा खान को मिली जीत
उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने मुस्लिम समाज की बात रखते हुए 4 टिकट दिए, लेकिन सिर्फ उन्हें ही जीत मिली और मिनिस्टर भी बनाया गया. ये जीत ख्वाजा गरीब नवाज के करम और दुआ से मिली है. जनता के लिए बेहतर कार्य अंजाम दिए जाएंगे. अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री रहते हुए उन्होंने राज्य में गर्ल्स-बॉयज 29 आवासीय विद्यालय की मंजूरी करवाई. जिसमें 12 जगहों पर निर्माण भी करवा दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि हॉस्टल, स्कूल, मदरसे के सौन्दर्यकरण और मदरसों में वेतन में बढ़ोतरी समेत आईएस, आईपीएस, ज्यूडिशियल की फ्री कोचिंग सेंटर भी अल्पसंख्यक समाज के लिए नीतीश सरकार करती आई है. आगे भी इससे बेहतर काम करेगी.










Be First to Comment