बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। परिवहन विभाग ने राज्यभर में 264 नए अंतर-जिला बस मार्गों को अधिसूचित कर दिया है। इस फैसले से लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इन नए मार्गों में पूर्वी बिहार, कोसी और सीमांचल क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण रूट शामिल हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी इलाकों के बीच आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो जाएगा।
परिवहन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, विभिन्न क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरणों (RTA) द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इनमें भागलपुर क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले 26 नए मार्ग भी शामिल हैं। सरकार का मानना है कि इन रूटों के संचालन से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

नए बस मार्गों के लागू होने के बाद बिहार के अनेक जिलों के बीच संपर्क और मजबूत होगा। भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, किशनगंज समेत कई जिलों के लोगों को सीधी बस सेवाओं का लाभ मिलने वाला है। इसके अलावा कई ऐसे ग्रामीण और अर्द्धशहरी इलाके भी परिवहन नेटवर्क से जुड़ेंगे, जहां अब तक नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं थी।

सरकार ने प्रत्येक रूट के लिए विस्तृत मार्ग भी निर्धारित किया है। यानी बसें किन-किन शहरों, कस्बों और बाजारों से होकर गुजरेंगी, इसकी स्पष्ट जानकारी पहले से उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।









Be First to Comment