Press "Enter" to skip to content

मुजफ्फरपुर में देशभक्ति के रंग में रंगी भव्य ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा, लोगों ने राष्ट्रप्रेम और एकता का दिया संदेश

मुजफ्फरपुर में बुधवार को देशभक्ति के रंग में रंगी भव्य ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का आगाज हुआ। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस तिरंगा यात्रा की शुरुआत लेक फ्रंट मरीन ड्राइव से हुई, जो कंपनी बाग स्थित अमर शहीद खुदीराम बोस स्मारक स्थल तक पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, भाजपा विधायक रंजन कुमार, एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी, जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र समेत जिला प्रशासन के अधिकारी और हजारों की संख्या में शहरवासी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और दिल में देशभक्ति का जज्बा लिए लोगों ने पूरे रास्ते राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।

गुब्बारे उड़ाकर हुआ तिरंगा यात्रा का शुभारंभ

लेक फ्रंट मरीन ड्राइव से तिरंगा यात्रा की शुरुआत गुब्बारे उड़ाकर की गई। इस दौरान एक दर्जन से अधिक स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राएं भी यात्रा का हिस्सा बने। हाथों में तिरंगा लिए बच्चे ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से माहौल को देशभक्ति से सराबोर करते नजर आए। यात्रा जब कंपनी बाग स्थित अमर शहीद खुदीराम बोस स्मारक पहुंची, तो यहां महान क्रांतिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद किया गया।

मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने बताया अभियान का उद्देश्य

 

हर घर तिरंगा यात्रा में शामिल बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू किया गया यह अभियान देशभर में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि भारत ने आज विकास और उपलब्धियों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं और देश की यही उपलब्धियां दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचे, जिससे वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान और मजबूत हो, यही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश है।

एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी ने दिया एकता और भाईचारे का संदेश

एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी ने कहा कि आज दुनिया के कई देशों में अराजकता और अस्थिरता का माहौल देखने को मिल रहा है। ऐसे समय में भारत पूरी दुनिया के सामने राष्ट्रप्रेम, एकता और भाईचारे की मिसाल पेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा सिर्फ देश की पहचान नहीं, बल्कि गौरव, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।

डीएम कुमार गौरव बोले—आजादी के गौरव को जीवंत रखने की पहल

जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि भारत सरकार के निर्देश पर जिले में ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य देश की गुलामी के दौर और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को याद करते हुए आजादी के गौरव को हमेशा जीवंत बनाए रखना है। डीएम ने जिलेवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की और कहा कि यह अभियान देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करने का भी एक माध्यम है।

 

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया एकजुटता का प्रतीक

वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने कहा कि आजादी के आंदोलन के दौर में भी प्रभात फेरियों और विभिन्न यात्राओं के माध्यम से लोगों को एकजुट किया जाता था। ऐसी यात्राएं सिर्फ राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत नहीं करतीं, बल्कि लोगों को अपने आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ खड़े होने का संदेश भी देती हैं। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान भारत के प्रति समर्पण, राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना का प्रतीक है। एसएसपी ने अभियान में शामिल जिलेवासियों को बधाई देते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की।

मुजफ्फरपुर में निकली यह तिरंगा यात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, शहीदों के बलिदान की याद और एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करने वाला संदेश बनकर सामने आई। मरीन ड्राइव से खुदीराम बोस स्मारक तक लहराता तिरंगा और गूंजते ‘भारत माता की जय’ के नारे ने शहर को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *