Press "Enter" to skip to content

दूसरी सोमवारी से पहले बाबा गरीबनाथ मंदिर के बाहर प्रशासन की कार्रवाई, हटाई गईं फूल की दुकानें; दुकानदारों ने किया हंगामा

दूसरी सोमवारी से पहले शनिवार को बाबा गरीबनाथ मंदिर के बाहर फूल-माला दुकानदारों को हटाने को लेकर हंगामा हो गया। प्रशासन की टीम ने मंदिर के बाहर लगी दुकानों को हटाने का निर्देश दिया। दुकानदारों के दुकान नहीं हटाने पर टीम ने जबरन दुकानें हटवा दीं। इसके बाद दुकानदार आक्रोशित हो गए और मौके पर हंगामा शुरू कर दिया।

दुकानदारों ने आरोप लगाया कि उनकी दुकानें हटवाने के पीछे वार्ड पार्षद केपी पप्पू की भूमिका है। उनका कहना था कि पार्षद ने ही प्रशासन को भेजकर मंदिर के बाहर से दुकानें हटवाई हैं। दुकानदारों ने कहा कि वे लंबे समय से यहां फूल-माला और पूजा सामग्री की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अचानक दुकान हटाए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

हंगामे की सूचना मिलते ही नगर एसडीपीओ-1 सुरेश कुमार, एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव और नगर थानेदार जयप्रकाश मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें समझाकर मामला शांत कराया।

बाबा गरीबनाथ मंदिर में दूसरी सोमवारी को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन मंदिर के आसपास भीड़ और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में जुटा है। इसी क्रम में मंदिर के बाहर लगी फूल-माला की दुकानों को हटाया गया। प्रशासन का जोर मंदिर के बाहर रास्ते को खाली रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनाए रखने पर है। अधिकारियों के समझाने के बाद दुकानदार शांत हुए, हालांकि दुकान हटाए जाने को लेकर उनमें नाराजगी बनी हुई है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *