बिहार सरकार ने राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग राज्यभर में 13 अगस्त तक 11 लाख से अधिक नए राशन कार्ड बनाने के मिशन पर काम कर रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि सभी पात्र लाभार्थियों को 15 अगस्त तक नया राशन कार्ड उपलब्ध करा दिया जाए, ताकि वे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।
विभाग के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत सभी जिलों में तेजी से आवेदन लिए जा रहे हैं और लंबित आवेदनों का निस्तारण किया जा रहा है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी पात्र परिवार का आवेदन बिना कारण लंबित न रहे।
राज्य में अभियान को गति देने के लिए प्रतिदिन लगभग 36 हजार नए राशन कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग लगातार जिलों की समीक्षा कर रहा है ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा किया जा सके।इसी क्रम में विभाग के विशेष सचिव उपेंद्र कुमार ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी प्राप्त आवेदनों को जल्द से जल्द ऑनलाइन दर्ज किया जाए और सत्यापन के बाद उनका निस्तारण किया जाए।
विभाग ने साफ किया है कि जिन आवेदनों की ऑनलाइन एंट्री अभी तक नहीं हुई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पोर्टल पर अपलोड किया जाए। साथ ही लॉगिन या तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।सरकार चाहती है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सभी पात्र परिवारों तक राशन कार्ड पहुंच जाए, जिससे उन्हें सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ मिलने में कोई परेशानी न हो।









Be First to Comment