Press "Enter" to skip to content

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सुरक्षा में लापरवाही पर एक्शन, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सस्पेंड

बक्सर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक को मुख्यमंत्री की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान हुई चूक और जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने इस मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया है।

विभागीय अधिसूचना के अनुसार, 23 मई को मुख्यमंत्री का बक्सर के किला मैदान में आगमन प्रस्तावित था। लेकिन इस दौरान मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं हो सकी। इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए अपर समाहर्ता, बक्सर की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय जांच टीम गठित की गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला पदाधिकारी ने 1 जून को सरकार को प्रतिवेदन भेजा, जिसमें कुमार ऋत्विक की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए गए।

जांच में पाया गया कि कार्यपालक पदाधिकारी ने अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं किया, वरीय अधिकारियों के आदेशों का उल्लंघन किया और मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरती। इन्हीं आधारों पर उनके कृत्य को बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के नियम-3 के प्रतिकूल माना गया।

इसके बाद बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नगर आयुक्त, नगर निगम मुजफ्फरपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें केवल जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि उनके खिलाफ विस्तृत आरोप पत्र (चार्जशीट) और विभागीय कार्यवाही अलग से शुरू की जाएगी।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *