बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने शनिवार, 8 अगस्त को पटना, भागलपुर, गया समेत राज्य के 19 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। दक्षिण बिहार में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है। वहीं, उत्तर बिहार में शनिवार को झमाझम बारिश की संभावना अपेक्षाकृत कम रहेगी।
बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। शुक्रवार तक कई इलाकों में उमस और तापमान में बढ़ोतरी से लोग परेशान रहे, लेकिन अब मौसम विभाग ने बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। शनिवार को राज्य के 19 जिलों में मेघगर्जन, बिजली चमकने और तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार पटना, भागलपुर और गया समेत दक्षिण बिहार के कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इन इलाकों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान वज्रपात की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे के बाद बिहार में बारिश का दौर और तेज हो सकता है। खासकर दक्षिणी हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश देखने को मिल सकती है।






Be First to Comment