राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संगठन में बड़े बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। पार्टी के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा सभी संगठनात्मक कमेटियों को भंग किए जाने के फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। इस फैसले पर अब राजद के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे पार्टी के भविष्य के लिए जरूरी कदम बताते हुए कहा कि यह फैसला संगठन को पहले से अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
भाई वीरेंद्र ने कहा कि राजद नेतृत्व चाहता है कि संगठन को नए सिरे से खड़ा किया जाए और ऐसे लोगों को जिम्मेदारी दी जाए जो पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पार्टी को आगे बढ़ा सकें। इस बार लुंज -पुंज संगठन नहीं बनेगा। इस बार वैसे लोग को नहीं रखना है जिससे पार्टी को नुकसान हो रहा है, वैसे लोग को बाहर करेंगे। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव ने जो निर्णय लिया है, वह संगठन के हित में है और आने वाले समय में इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि उसे पहले से ज्यादा प्रभावी और मजबूत बनाना है। इसी सोच के तहत सभी कमेटियों को भंग किया गया है ताकि नई टीम तैयार की जा सके। उनका दावा था कि मजबूत संगठन के दम पर राजद आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी और सरकार बनाने में सफल होगी।
भाई वीरेंद्र ने कहा कि तेजस्वी यादव इन दिनों लगातार पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। वे लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और संगठन को लेकर भी लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उनके अनुसार तेजस्वी यादव व्यक्तिगत स्तर पर भी कार्यकर्ताओं के संपर्क में हैं और पार्टी को नई ऊर्जा देने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के आवास पर रोजाना बड़ी संख्या में नेता और आम लोग पहुंच रहे हैं। पार्टी नेतृत्व संगठन के साथ-साथ जनता की समस्याओं पर भी बराबर ध्यान दे रहा है।










Be First to Comment