भारतीय रेलवे करोड़ों यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी में है। ट्रेन में वेटिंग टिकट या RAC के भरोसे सफर करने वाले यात्रियों के लिए जल्द ही एक ऐसी व्यवस्था लागू होने जा रही है, जिससे चलती ट्रेन में भी खाली सीटों की ऑनलाइन बुकिंग संभव हो सकेगी। रेलवे की इस नई पहल से यात्रियों को यात्रा के दौरान ही कंफर्म बर्थ मिलने का रास्ता आसान हो जाएगा।
दरअसल, रेलवे टिकट बुकिंग सिस्टम को और अधिक डिजिटल तथा पारदर्शी बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसके तहत ट्रेन टिकट परीक्षक (TTE) को दिए गए हैंड हेल्ड टर्मिनल (HHT) डिवाइस को नए फीचर्स के साथ अपग्रेड किया जा रहा है। इस अपग्रेडेशन के बाद टीटीई ट्रेन में खाली पड़ी सीटों की जानकारी तुरंत सिस्टम में अपडेट कर सकेंगे और वह सीट रेलवे के ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म पर रियल टाइम में उपलब्ध दिखाई देगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यदि किसी यात्री के पास कंफर्म टिकट है लेकिन वह ट्रेन में यात्रा करने नहीं पहुंचता है, तो टीटीई टिकट जांच के दौरान उस सीट को अपने एचएचटी डिवाइस में खाली दर्ज कर देगा। जैसे ही यह जानकारी सिस्टम में अपडेट होगी, वह सीट रेलवे के बुकिंग पोर्टल और आईआरसीटीसी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध दिखाई देने लगेगी।

इसके बाद कोई भी यात्री, जो रास्ते के किसी स्टेशन से यात्रा करना चाहता है, उस खाली सीट को ऑनलाइन बुक कर सकेगा। इससे खाली सीटों का बेहतर उपयोग होगा और यात्रियों को अंतिम समय में भी कंफर्म बर्थ मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।









Be First to Comment