अब बिहार के लोगों को गंगा की लहरों के बीच शानदार क्रूज राइड का आनंद लेने के लिए किसी दूसरे राज्य का रुख नहीं करना पड़ेगा. राजधानी पटना में गंगा किनारे पर्यटन को नया आयाम देते हुए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने गंगा विहार क्रूज को नए अंदाज में शुरू किया है. यहां लोग परिवार, दोस्तों और अपने खास लोगों के साथ यादगार शाम बिता सकेंगे.
गांधी घाट से संचालित होने वाला यह दो मंजिला लग्जरी क्रूज हर शनिवार और रविवार को शाम 5 बजे से साढ़े 6 बजे तक गंगा नदी की सैर कराएगा. डेढ़ घंटे की इस खूबसूरत यात्रा के दौरान यात्रियों को स्वादिष्ट स्नैक्स, मॉकटेल, चाय-कॉफी और मनोरंजन की विशेष सुविधा मिलेगी. इस शानदार अनुभव के लिए प्रति व्यक्ति किराया 899 रुपये रखा गया है.

क्रूज को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है. इसका निचला हिस्सा पूरी तरह एयर कंडीशन्ड डाइनिंग एरिया के रूप में तैयार किया गया है, जहां बैठकर लोग खाने-पीने का आनंद ले सकते हैं. वहीं ऊपरी डेक को ओपन स्काई व्यू और डांस फ्लोर के रूप में विकसित किया गया है. गंगा के बीच सूर्यास्त का मनमोहक दृश्य इस सफर को और भी खास बना देता है.












Be First to Comment